15 फरवरी से आगरा में सेना भर्ती रैली
आगरा
देश के ज्यादातर युवा सैनिक बनने का सपना संजोते हैं। यदि आप भी भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना देखते हैं, तो यह अवसर आपके लिए है। भारतीय सेना 15 फरवरी से आंनद इंजीनियरिंग कॉलेज कैम्पस में भर्ती मेला का आयोजन करने जा रही है।
आगरा और अलीगढ़ मंडल के युवाओं के लिए लगने वाला आर्मी भर्ती मेला 15 फरवरी से 08 मार्च तक आयोजित होगा। इस भर्ती में लगभग 01 लाख 12 हजार अभ्यर्थियों को सेना में जाने का मौका मिलेगा। आगरा जिला प्रशासन के साथ सैन्य और पुलिस अधिकारी आयोजन को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। भारतीय सेना प्रतिवर्ष विभिन्न विभागों में सोल्जर जनरल ड्यूटी, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट, सोल्जर क्लर्क और सोल्जर ट्रेड्समैन और सोल्जर टेक्निकल सहित सिपाही पद के लिए उम्मीदवारों की भर्ती के लिए पूरे भारत में भर्ती रैली आयोजित करती है।
सेना भर्ती रैली के लिए सेना भर्ती कार्यालय, आगरा से सभी पंजीकृत 1.12 लाख युवाओं को प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को कोरोना की गाइडलाइन के मुताबिक मास्क, दस्ताने और सैनिटाइजर साथ रखना होगा। इसके अलावा अभ्यर्थियों को रैली से 48 घंटे के भीतर का कोविड मुक्त प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
15 फरवरी से प्रारंभ होने वाली सेना भर्ती रैली में छह जिलों के अभ्यर्थी, जिसमें कासगंज, हाथरस, फिरोजाबाद, अलीगढ़, आगरा और मथुरा जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। आगरा-दिल्ली नेशनल हाइवे के कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में भर्ती केंद्र बनाया गया है। सेना भर्ती रैली में आगरा और अलीगढ़ मंडल के छह जिलों के करीब 1.12 लाख युवा शामिल होंगे।
इन पदों पर होगी भर्ती
भारतीय सेना के लिए जीडी सैनिक, ट्रेडमैन, क्लर्क/स्टोर कीपर एवं टेक्निकल पदों पर भर्ती प्रक्रिया होगी। देश को करीब 50 हजार सैनिक देने वाले आगरा के युवा भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं।
सीएम योगी ने भर्ती रैली के लिए दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आगामी 15 फरवरी से आगरा में प्रारम्भ हो रही भारतीय सेना की भर्ती रैली के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने इस संबंध में सेना के अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

पाठको की राय